शिलचर में महिला तस्करी व देह व्यापार मामले में बड़ी सफलता, फरार दो स्पा संचालक गिरफ्तार

शिलचर, 12 जुलाई। महिला तस्करी और देह व्यापार से जुड़े मामले में शिलचर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे दो स्पा संचालकों रोहित देबनाथ और रूपाली दास को पुलिस ने शनिवार रात विशेष अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया।

गौरतलब है कि गत 25 जून को शिलचर शहर के एक व्यावसायिक मॉल स्थित ‘लोटस स्पा’ और ‘लवली स्पा’ में पुलिस ने छापेमारी की थी। इस दौरान लगभग 28 युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। प्रारंभिक जांच में दोनों स्पा केंद्रों में अवैध गतिविधियों के संचालन के आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार थे।

शनिवार देर रात चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। काछार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानस शइकिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच लगातार जारी है।

Leave a Comment