प्रतिनिधि हाइलाकांदी, ११ जुलाई: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर हाइलाकांदी स्वास्थ्य विभाग की पहल इस बार विवाद का विषय बन गई है। हर वर्ष ११ जुलाई को विश्वभर में विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाता है लेकिन इस वर्ष जिले के संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक (जॉइंट डायरेक्टर ऑफ हेल्थ सर्विसेज) के कार्यालय में यह कार्यक्रम निर्धारित तिथि से एक दिन पहले अर्थात १० जुलाई को ही आयोजित कर दिया गया।जानकारी के अनुसार ११ जुलाई को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने कार्यक्रम एक दिन पहले आयोजित किया। इस अवसर पर बैनर और पोस्टर प्रदर्शित किए गए जन जागरूकता संबंधी गतिविधियाँ आयोजित की गईं तथा फोटो सत्र के माध्यम से कार्यक्रम सम्पन्न किया गया। बाद में कार्यक्रम की तस्वीरें भी सरकारी माध्यमों से जारी की गईं।हालाँकि मामला सामने आने के बाद विभिन्न वर्गों में इसे लेकर सवाल उठने लगे हैं। आलोचकों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त किसी दिवस को निर्धारित तिथि से पहले मनाना कितना उचित है, इस पर स्वास्थ्य विभाग को स्पष्ट स्पष्टीकरण देना चाहिए था।विवाद का एक अन्य कारण यह भी है कि कार्यक्रम में लगाए गए पोस्टरों पर “विश्व जनसंख्या दिवस १० जुलाई” अंकित था जबकि इस दिवस की आधिकारिक तिथि ११जुलाई है।
उल्लेखनीय है कि विश्व जनसंख्या दिवस का मुख्य उद्देश्य जनसंख्या वृद्धि, परिवार नियोजन मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य प्रजनन स्वास्थ्य तथा सतत विकास के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। ऐसे में निर्धारित तिथि से पहले इस दिवस का आयोजन किए जाने को कई लोग प्रशासनिक असावधानी मान रहे हैं।कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित थे। हालांकि निर्धारित तिथि से पहले कार्यक्रम आयोजित किए जाने को लेकर उनकी ओर से अब तक कोई स्पष्टीकरण या आपत्ति सामने नहीं आई है। परिणामस्वरूप स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक निर्णय प्रक्रिया को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।