असम राज्यिक प्राथमिक शिक्षक सम्मेलनी की हाइलाकांदी जिला समिति का 44वां द्विवार्षिक अधिवेशन संपन्न, सैयद अहमद लश्कर बने महासचिव

हाइलाकांदी, 11 जुलाई (सिप्रीयान डायास): असम राज्यिक प्राथमिक शिक्षक सम्मेलनी की हाइलाकांदी जिला समिति का 44वां एकदिवसीय द्विवार्षिक अधिवेशन शनिवार को अलगापुर पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे संगठन के ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद स्थानीय कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। दोपहर के भोजनावकाश के पश्चात प्रथम अधिवेशन आयोजित हुआ, जिसमें उपस्थित अतिथियों का पारंपरिक गमछा एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया गया।

प्रथम अधिवेशन के समापन के बाद दूसरे अधिवेशन में वर्ष 2026 से 2028 तक के लिए नई जिला समिति के गठन हेतु चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। सभापति पद पर जीवित दास, सह-सभापति पद पर फनीभूषण दास एवं श्याम सुंदर रविदास निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

महासचिव एवं राज्य समिति सदस्य पदों के लिए मतदान कराया गया। मतगणना के बाद सैयद अहमद लश्कर को भारी बहुमत से जिला महासचिव निर्वाचित घोषित किया गया। उप-महासचिव पद पर निशित दास एवं राजीव अहमद लश्कर, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर रेजाउल हनीफ मजूमदार निर्वाचित हुए।

राज्य समिति के सदस्य के रूप में अबुल हुसैन लश्कर, नंदकिशोर अग्रहरी, अबुल कासिम लश्कर तथा शाहजहां बरलस्कर चुने गए। राज्य महिला सदस्य के रूप में प्रियंका राय एवं अमृता रानी दे निर्वाचित हुईं। वहीं ऑडिट बोर्ड के सदस्यों के रूप में सौरभ दत्त, जहारूल इस्लाम बरभुइया तथा जाकिर हुसैन लश्कर का चयन किया गया।

अधिवेशन के उपरांत आयोजित पत्रकार सम्मेलन में नवनिर्वाचित महासचिव सैयद अहमद लश्कर ने कहा कि आगामी दो वर्षों में संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के लिए वे सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों तथा सदस्यों के सहयोग से कार्य करेंगे। उन्होंने संगठन के हित में सभी शिक्षकों से एकजुट होकर सहयोग करने की अपील की।

Leave a Comment