जनता कॉलेज, काबुगंज में दिव्यांगजन कल्याण पर एफवाईयूजी इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ, 165 छात्र होंगे शामिल

काबुगंज। दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण, पुनर्वास तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से सक्षम (SAKSHAM) तथा जनता कॉलेज, काबुगंज के एनईपी सेल के संयुक्त तत्वावधान में एफवाईयूजी (FYUG) के विद्यार्थियों के लिए ‘दिव्यांगता प्रबंधन, पुनर्वास एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाएं’ विषयक इंटर्नशिप कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

एफवाईयूजी पाठ्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक सहभागिता (Community Engagement Programme) के तहत आयोजित इस इंटर्नशिप में छात्र-छात्राएं अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में घर-घर जाकर सामाजिक सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान वे दिव्यांगता प्रबंधन, पुनर्वास सेवाओं तथा दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एकत्र करेंगे और लोगों को इन योजनाओं से जोड़ने का प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जनता कॉलेज, काबुगंज के एनईपी सेल की प्रभारी डॉ. मुन्नी देब मजूमदार ने की। उन्होंने अपने संबोधन में एफवाईयूजी पाठ्यक्रम में अनुभवात्मक शिक्षा (Experiential Learning) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से समाज के साथ जुड़कर सार्थक कार्य करने का आह्वान किया।

डॉ. मिथुन राय ने सामुदायिक आधारित पुनर्वास, समावेशी विकास तथा दिव्यांगजनों के अधिकार, सम्मान और सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देने में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 (RPwD Act, 2016) के अंतर्गत मान्यता प्राप्त विभिन्न प्रकार की दिव्यांगताओं की भी जानकारी दी।

दिव्यांग सेवा केंद्र सक्षम की नोडल अधिकारी डॉ. रंजना धर ने मानसिक रोग, बौद्धिक दिव्यांगता तथा रक्त संबंधी विकारों से जुड़ी दिव्यांगताओं पर विशेष व्याख्यान देते हुए समय पर पहचान, हस्तक्षेप और पुनर्वास की आवश्यकता पर बल दिया।

सक्षम के प्रांत प्रकोष्ठ प्रमुख राहुल शील ने दिव्यांगजनों के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं सहायता व्यवस्थाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

संस्कार भारती, दक्षिण असम प्रांत के कार्यकारी अध्यक्ष प्रसेनजीत राय चौधरी ने संगीत, कला और शिल्प के माध्यम से दिव्यांगजनों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक पुनर्वास में होने वाले सकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के व्यावहारिक सत्र में सुचरिता राय एवं मौमिता चंदा ने विद्यार्थियों को सामुदायिक सर्वेक्षण प्रपत्र के उपयोग, घर-घर जाकर साक्षात्कार लेने तथा विश्वसनीय सामाजिक आंकड़े एकत्र करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया।

आयोजकों के अनुसार इस इंटर्नशिप का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ समाज में दिव्यांगता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद लोगों को दिव्यांग सेवा केंद्र सक्षम के माध्यम से परामर्श, पुनर्वास सेवाओं और सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।

कार्यक्रम में कुल 165 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। उद्घाटन सत्र में जनता कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग की अतिथि प्राध्यापिका मधुमिता शर्मा, तकनीकी सहयोग प्रदान करने वाले मिथु नाथ (एमटीएस) तथा सक्षम के कार्यालय समन्वयक राज सुक्लबैद्य भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सक्षम ने जनता कॉलेज, काबुगंज के एनईपी सेल, सभी प्राध्यापकों, संसाधन व्यक्तियों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह पहल समावेशी विकास, सामुदायिक सहभागिता तथा दिव्यांगजनों के अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Comment