असम सरकार के सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण मंत्री माननीय श्री अश्विनी राय सरकार का अभिनंदन ऑल असम ओबीसी एसोसिएशन के मुख्य कार्यालय, दिसपुर, गुवाहाटी में एक विशेष समारोह आयोजित कर किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर गोगोई, उपाध्यक्ष कमलेश कुमार गुप्ता, महामंत्री डॉ. भवनाथ नाथ, अन्य पदाधिकारीगण, असम प्रदेश तैलिक साहू महासभा के महामंत्री उमेश कुमार साह, आवास व्यवस्थापक अजय गुप्ता तथा असम में पिछड़े वर्ग में मान्यताप्राप्त सभी 36 जातियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उपस्थित सभी लोगों ने मंत्री बनने पर श्री अश्विनी राय सरकार तथा उन्हें मंत्री बनाने के लिए माननीय मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा शर्मा को बधाई दी। इस अवसर पर माननीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि अब से पिछड़ी जाति के प्रमाणपत्र देने का अधिकार केवल ऑल असम ओबीसी एसोसिएशन को होगा तथा सम्मिलित जातियों के पदाधिकारियों का अनुमोदन अनिवार्य होगा।
असम प्रदेश तैलिक साहू महासभा ने तेली जाति के विकास के लिए एक स्थायी भवन की मांग रखते हुए ज्ञापन सौंपा, ताकि यह जाति, जो पिछड़ी जातियों में अत्यंत पिछड़ी है, सरकार के प्रोत्साहन से मुख्यधारा में आ सके और असम राज्य, समाज तथा देश के लिए अपना सफल एवं समग्र योगदान दे सके।
गौरतलब है कि माननीय मंत्री, जो स्वयं पिछड़ी जाति से हैं, विद्यार्थी काल से ही ऑल असम ओबीसी एसोसिएशन के भवन को विकसित करने का विचार रखते हैं तथा पिछड़ी जातियों को विशेष प्रोत्साहन के पक्षधर हैं। इससे पहले वे भाजपा के ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं और विभिन्न जातियों की समस्याओं से भली-भाँति परिचित हैं।
ऑल असम ओबीसी एसोसिएशन तथा सभी पिछड़ी जातियों को विश्वास है कि उनके कार्यकाल में पिछड़ी जातियों की सभी समस्याओं का समाधान होगा।