श्रीभूमि, 7 जुलाई।
श्रीभूमि शहर में सड़क निर्माण कार्य के दौरान विवाद की एक गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि निर्माण कार्य में लगे कुछ श्रमिकों ने नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष सुखेंदु विकास पाल तथा पत्रकार एवं समाजसेवी राहुल चक्रवर्ती के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन पर शारीरिक हमला किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान श्रमिक सड़क निर्माण का मलबा सीधे सार्वजनिक मार्ग पर डाल रहे थे, जिससे सड़क को नुकसान पहुंच रहा था। जब दोनों ने इसका विरोध किया, तो कथित रूप से श्रमिकों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया।
इस घटना के विरोध में मंगलवार को युवा कांग्रेस, श्रीभूमि जिला समिति ने जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में युवा कांग्रेस के राज्य महासचिव शुभजीत चक्रवर्ती, जिला अध्यक्ष विकी कुरी, अभिजीत कुरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने पुलिस एवं जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।