चार दिन बाद शुरू हुआ शिलचर की जर्जर सड़क का मरम्मत कार्य, फेवर ब्लॉक लगाने पर फिर उठे सवाल

शिलचर। काछार के अभिभावक मंत्री कृष्णेंदु पाल द्वारा सड़क मरम्मत का आश्वासन दिए जाने के चार दिन बाद आखिरकार कैपिटल प्वाइंट से रंगिरखाड़ी तक की गड्ढों से भरी जर्जर सड़क के मरम्मत कार्य की शुरुआत हो गई है। यह कार्य 6 जुलाई की रात से एनएचआईडीसीएल (NHIDCL) की देखरेख में शुरू किया गया।

मरम्मत कार्य के पहले चरण में सेंट्रल रोड स्थित वकीलपट्टी के सामने सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से पर फेवर ब्लॉक बिछाए गए। इस बीच शिलचर के विधायक डॉ. राजदीप राय ने भी सड़क मरम्मत शुरू होने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं।

उल्लेखनीय है कि काछार उपायुक्त कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में जिले के सभी सरकारी विभागों के साथ समीक्षा बैठक करने के बाद मंत्री कृष्णेंदु पाल ने घोषणा की थी कि 3 जुलाई से कैपिटल प्वाइंट से रंगिरखाड़ी तक सड़क के गड्ढे भरे जाएंगे तथा जहां-जहां डामर उखड़ चुका है, वहां नए सिरे से मरम्मत की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा था कि पूरे कार्य की निगरानी विधायक डॉ. राजदीप राय करेंगे।

हालांकि निर्धारित तिथि पर काम शुरू नहीं हो सका, लेकिन चार दिन बाद आखिरकार मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। वकीलपट्टी के सामने सड़क पर बने बड़े गड्ढे में मिट्टी और पत्थर भरकर रोलर चलाया गया तथा उसके ऊपर फेवर ब्लॉक बिछाए गए। हालांकि समाचार लिखे जाने तक ब्लॉकों की अंतिम सेटिंग का कार्य पूरा नहीं हो पाया था।

अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि एनएचआईडीसीएल ने यह कार्य किस निर्माण एजेंसी को सौंपा है और इसके लिए कितनी राशि स्वीकृत की गई है। इतना जरूर बताया गया है कि मरम्मत कार्य मुख्यतः रात्रि में किया जाएगा तथा जिस हिस्से में काम होगा, वहां सड़क के एक तरफ यातायात रोककर कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।

लगातार हो रही बारिश भी निर्माण कार्य में बड़ी बाधा बन रही है। फिलहाल वकीलपट्टी के सामने के छोटे से हिस्से के अलावा अन्य स्थानों पर काम आगे नहीं बढ़ सका है।

इधर, स्थानीय लोगों के मन में इस मरम्मत पद्धति को लेकर संशय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले भी सेंट्रल रोड पर मेगा मार्ट से खादिम शोरूम तक फेवर ब्लॉक लगाकर सड़क की मरम्मत की गई थी, लेकिन वह अधिक समय तक टिक नहीं सकी। ऐसे में इस बार भी फेवर ब्लॉक आधारित मरम्मत कितनी टिकाऊ साबित होगी, इसे लेकर आम जनता सवाल उठा रही है।

Leave a Comment