शिलचर, 7 जुलाई:
फुटबॉल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जिला प्रशासन की पहल पर शिलचर के डीएसए स्टेडियम में 9 जुलाई से 20 जुलाई तक “मुख्यमंत्री FIFA फैन पार्क” का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विशाल LED स्क्रीन पर FIFA विश्व कप के महत्वपूर्ण मुकाबलों का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
मंगलवार को आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में जिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता ने बताया कि फैन पार्क में दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, उच्च गुणवत्ता वाली साउंड सिस्टम सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी, ताकि फुटबॉल प्रेमी विश्व कप का रोमांच बड़े पर्दे पर सामूहिक रूप से अनुभव कर सकें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से परिवार, मित्रों और खेल प्रेमियों के साथ फैन पार्क पहुंचकर विश्व कप के रोमांचक मुकाबलों का आनंद लेने की अपील की है। यह आयोजन शिलचर के खेल प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होने की उम्मीद है।