शिलचर में ई-रिक्शों की बढ़ती संख्या पर चालक-मालिकों की आमसभा, आय में गिरावट और जाम की समस्या उठाई

शिलचर, 5 जुलाई। शिलचर शहर क्षेत्र के ई-ऑटोरिक्शा मालिक एवं चालक समिति की ओर से रविवार को शिलचर महिला कॉलेज के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक आमसभा आयोजित की गई। बैठक में जिला परिवहन विभाग के एमबीआई समुद्र दास तथा शिलचर ट्रैफिक पुलिस के प्रभारी दीपंकर दास विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सभा में शहर में लगातार बढ़ रही ई-रिक्शों की संख्या से उत्पन्न यातायात जाम, ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन तथा स्थानीय चालकों की घटती आय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान समिति की ओर से दोनों अधिकारियों का उत्तरीय पहनाकर सम्मान किया गया।

जिला परिवहन विभाग के एमबीआई समुद्र दास एवं ट्रैफिक प्रभारी दीपंकर दास ने चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, भविष्य में समस्या के समाधान के लिए संभावित कदमों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कहा कि शहर में यात्रियों की तुलना में ई-रिक्शों की संख्या अत्यधिक बढ़ जाने से स्थानीय चालकों की आय पर गंभीर असर पड़ा है। उनका आरोप है कि बाहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आने वाले ई-रिक्शों के कारण स्थानीय चालक आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। कई चालक अपने फाइनेंस की मासिक किस्त समय पर जमा नहीं कर पा रहे हैं और आर्थिक दबाव के चलते कुछ लोग ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने के लिए भी विवश हो रहे हैं।

समिति ने यह भी बताया कि इस संबंध में कई बार जिला प्रशासन को लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण समस्याओं को प्रशासन के समक्ष पुनः उठाने के उद्देश्य से इस आमसभा का आयोजन किया गया।

सभा में बप्पा धर, अमालय नाथ, प्रांतजीत नाथ, सौरभ देव, काजल डे, अमृत रक्षित सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment