हाइलाकांदी में ३० लाख रुपये मूल्य की याबा टैबलेट बरामद एक मादक तस्कर गिरफ्तार

प्रतिनिधि हाइलाकांदी, ५ जुलाई: मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत हाइलाकांदी सदर थाना पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए एक विशेष अभियान में पुलिस ने लगभग ३० हजार प्रतिबंधित याबा टैबलेट बरामद किए हैं। बरामद याबा की अनुमानित बाजार कीमत लगभग ३० लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने करीम उद्दीन नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार गुप्त सूचना मिलने पर हाइलाकांदी बाईपास क्षेत्र में विशेष नाका जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान एमजेड-०१बी-७८१६ नंबर की एक मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में गुप्त रूप से छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में याबा टैबलेट बरामद की गई। मौके से ही करीम उद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया।

इस सफल अभियान का नेतृत्व हाइलाकांदी सदर थाना के प्रभारी पॉल लालह्लिमसांग ने किया। उनके नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम ने सुनियोजित ढंग से अभियान चलाकर इस बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद करने में सफलता प्राप्त की।गिरफ्तार आरोपी करीम उद्दीन से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि इस मामले के पीछे किसी बड़े अंतरराज्यीय अथवा अंतरराष्ट्रीय मादक तस्करी गिरोह का हाथ हो सकता है। इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।इसके अलावा बरामद याबा की खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ पहुँचाने की योजना थी, इसकी भी विस्तृत जांच की जा रही है। इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पुलिस जांच कर रही है।मादक पदार्थों के विरुद्ध हाइलाकांदी जिला पुलिस की इस कार्रवाई को प्रशासनिक हलकों में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान भविष्य में भी इसी प्रकार जारी रहेगा तथा तस्करों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment