शिलचर, 3 जुलाई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार तड़के शिलचर के एक व्यवसायी आबुब मजूमदार के दो आवासों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित तौर पर म्यांमार (बर्मा) से सुपारी की तस्करी और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच के सिलसिले में की गई।
सूत्रों के अनुसार, गुवाहाटी और कोलकाता से पहुंची ईडी की विशेष टीम ने इटखोला घाट स्थित उनके आवास तथा इटखोला घनियावाला रोड स्थित दूसरे घर में तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों के स्रोत तथा कथित बर्मी सुपारी सिंडिकेट से किसी प्रकार के संबंधों की पड़ताल की जा रही है।
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि छापेमारी की सूचना मिलते ही आबुब मजूमदार घर छोड़कर चले गए। हालांकि, उनके वर्तमान ठिकाने को लेकर किसी सरकारी एजेंसी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
समाचार लिखे जाने तक ईडी ने इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया था। जांच जारी है और लगाए गए आरोपों की सत्यता का निर्धारण जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।