हाइलाकांदी। हाइलाकांदी जिले के 121 नंबर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या-5 स्थित दासपाड़ा गांव के निवासियों ने वर्षों से उपेक्षित सड़क और जोखिमपूर्ण विद्युत व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए स्थानीय विधायक डॉ. मिलन दास से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की मुख्य सड़क स्वतंत्रता के बाद से आज तक समुचित रूप से मरम्मत नहीं की गई है। बरसात के दौरान सड़क पर कई स्थानों पर लगभग तीन फुट तक पानी जमा हो जाता है, जिससे आवागमन लगभग ठप हो जाता है। इसके कारण विद्यार्थियों, मरीजों तथा आम लोगों को स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और बाजार जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण एक बार एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी, जिससे एक गर्भवती महिला को रास्ते में ही प्रसव करना पड़ा। वहीं, समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने से जान जाने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं।
गांव में बिजली व्यवस्था भी गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई स्थानों पर खुले बिजली के तार घरों के ऊपर से गुजर रहे हैं, जिससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा ट्रांसफॉर्मरों के आसपास आग लगने जैसी घटनाएं भी हो चुकी हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 30 से 35 वर्षों में कई बार विकास के आश्वासन मिले, लेकिन आज तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
मलय दास, अमित दास, गोपाल देव, आजिर उद्दीन लस्कर, लाटई दास, मदन दास, दीपक दास, अनिमा रानी दास, बिंदु रानी शुक्ला सहित हजारों ग्रामीणों ने मौके पर एकत्र होकर सड़क की तत्काल मरम्मत, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था तथा खतरनाक विद्युत लाइनों को सुरक्षित बनाने की मांग की। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि विधायक डॉ. मिलन दास शीघ्र पहल करें, तो वर्षों पुरानी इस समस्या का समाधान संभव हो सकेगा।