राम मंदिर दानपात्र चोरी पर RSS की प्रतिक्रिया, दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

नई दिल्ली, 3 जुलाई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर के दानपात्रों से धनराशि चोरी की घटना पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह घटना करोड़ों रामभक्तों की आस्था और श्रद्धा को आहत करने वाली है।

जारी वक्तव्य में कहा गया कि श्री राम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष, समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है तथा संपूर्ण हिंदू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केंद्र है। ऐसे में दानपात्रों में जमा राशि की चोरी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

संघ ने बताया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के आग्रह पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है और उसकी अनुशंसा पर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संघ ने मांग की कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

वक्तव्य में न्यास से अपेक्षा जताई गई कि वह इस घटना को असाधारण मानते हुए मंदिर की व्यवस्था, संचालन और वित्तीय प्रबंधन में आवश्यक सुधार करे तथा पारदर्शी और प्रभावी प्रणाली विकसित करे, जिससे श्रद्धालुओं का विश्वास और अधिक मजबूत हो तथा वर्तमान भ्रम और असमंजस की स्थिति समाप्त हो।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने हिंदू समाज से भी अपील की है कि वह इस कठिन समय में धैर्य और संयम बनाए रखे तथा इस घटना का लाभ उठाकर हिंदू धर्म और समाज को बदनाम करने के किसी भी प्रयास को विफल करे।

Leave a Comment