चार महीने से प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने पर भड़कीं कछार की आशा कार्यकर्ता, आंदोलन की चेतावनी

शिलचर, 3 जुलाई: पिछले चार महीनों से प्राप्य प्रोत्साहन राशि (इंसेंटिव) का भुगतान नहीं होने से कछार जिले की आशा कार्यकर्ताओं में गहरा रोष व्याप्त है। गुरुवार को सदौ असम आशा संस्था की कछार जिला समिति ने आरोप लगाया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) के अंतर्गत कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं को मार्च से जून 2026 तक का इंसेंटिव अब तक नहीं मिला है।

आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि लगातार चार महीने से इंसेंटिव और अन्य देय राशि लंबित रहने के कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है, जबकि वे नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं।

जिला समिति की अध्यक्ष रेनू बेगम लस्कर ने कहा, “हम प्रतिदिन पूरी निष्ठा के साथ लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में जुटे रहते हैं, लेकिन समय पर हमारा इंसेंटिव नहीं दिया जा रहा है। कई आशा कार्यकर्ताओं को मात्र 75 रुपये प्रतिदिन के भत्ते पर काम करना पड़ रहा है। इसके बावजूद हम अपनी जिम्मेदारियां पूरी ईमानदारी से निभा रहे हैं।”

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जुलाई के पहले 10 दिनों के भीतर मार्च से जून तक की बकाया प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो सोनाई पीएचसी से आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके बाद यह आंदोलन कछार जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक फैलाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर आशा कार्यकर्ता कार्य बहिष्कार और व्यापक जनआंदोलन का भी रास्ता अपनाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने की पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।

Leave a Comment