शिलचर, 30 जून। शिलचर के तुलापट्टी स्थित श्री श्री श्यामसुंदर जिउ मंदिर में सोमवार को नवीनीकरण एवं जीर्णोद्धार किए गए साधु निवास का विधिवत शुभ उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर धार्मिक वातावरण के बीच अनेक संत-महात्मा, मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले संतों, गुरुओं एवं वैष्णव महराजों के लिए अधिक सुविधाजनक और आरामदायक आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से साधु निवास का व्यापक रूप से नवीनीकरण किया गया है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार अब बाहर से आने वाले संत-महात्मा मंदिर परिसर में दो रात्रि एवं तीन दिनों तक ठहरकर विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों में भाग ले सकेंगे।
उद्घाटन समारोह में श्री गौड़ीय वेदांत समिति के भक्ति वेदांत गोविंद महाराज, भक्ति वेदांत श्रौत्यु महाराज, असीम कृष्ण ब्रह्मचारी, कीर्तनानंद कृष्ण ब्रह्मचारी, मुरारी कृष्ण ब्रह्मचारी तथा गोपाल दास कृष्ण ब्रह्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से अध्यक्ष सुशील कुमार बनिक, सचिव दीपज्योति राय, उत्पल दत्त चौधरी, नंद दुलाल राय, सतीश शुक्लवैद्य, तपन दासगुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह के उपरांत भोग आरती एवं हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। संकीर्तन में उपस्थित संतों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण से गुंजायमान हो उठा।