गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 28 जून।
रामकृष्णनगर जिला खेल संघ की वार्षिक आम सभा में तीन वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन कर दिया गया। सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए स्थानीय विधायक विजय मालाकार को संघ का नया अध्यक्ष चुना गया।
रामकृष्णनगर विद्यामंदिर के शचींद्र मोहन दत्त स्मृति मंच पर आयोजित आम सभा की अध्यक्षता संघ के पूर्व अध्यक्ष मृगांक दत्त चौधुरी ने की। बैठक में पूर्व सचिव विश्वतोष सेन ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि पूर्व कोषाध्यक्ष विद्युत कर ने आय-व्यय का लेखा-जोखा पेश किया।
सर्वसम्मति से गठित नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष के अलावा छह उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें पीयूष देव राय, सैकत दत्त चौधुरी, बिधु धर, शंकर पाल, बिधु नाथ तथा धनंजय नाथ शामिल हैं।
संघ के सचिव के रूप में सुनीत देव, संयुक्त सचिव के रूप में सुरजीत डे एवं विश्व विजय विश्वास, कोषाध्यक्ष के रूप में श्यामल नाथ, सांस्कृतिक सचिव के रूप में दीपायन डे, आर एंड डी शाखा सचिव अम्लान डे, इंडोर शाखा सचिव सौरभ दास, माइनर गेम्स सचिव रूपक नाथ, क्रिकेट सचिव अरिजीत डे तथा फुटबॉल सचिव के रूप में कानु राय का चयन किया गया।
फुटबॉल शाखा के सचिव पद के लिए चुनाव कराया गया, जिसमें कानु राय ने अभिरूप भट्टाचार्य को पराजित किया। चुनाव में कुल 95 मत पड़े, जिनमें दो मत अमान्य घोषित हुए। कानु राय को 62 मत तथा अभिरूप भट्टाचार्य को 31 मत प्राप्त हुए।
नई कार्यकारिणी के गठन पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक विजय मालाकार के नेतृत्व में रामकृष्णनगर जिला खेल संघ के खेल अधोसंरचना और गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी तथा आने वाले वर्षों में संघ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।