शिलचर, 28 जून। असम राइफल्स और कछार पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर कछार जिले के लैलापुर क्षेत्र में लगभग 5 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में 2 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन और 3 करोड़ रुपये मूल्य की 10,000 याबा टैबलेट बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिलने पर असम राइफल्स और कछार पुलिस ने शनिवार को लैलापुर में संयुक्त अभियान चलाया। सुरक्षा बलों को देखकर तस्करों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने संक्षिप्त पीछा करने के बाद दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान हेरोइन से भरे 42 साबुनदानी (सोप) पैकेट, 10,000 याबा टैबलेट तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त सभी सामान और गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई एवं जांच के लिए कछार पुलिस के हवाले कर दिया गया।
असम राइफल्स और कछार पुलिस लंबे समय से क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार संयुक्त अभियान चला रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह बड़ी बरामदगी नशीले पदार्थों के तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार है और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।