शिलचर, 28 जून।
भिक्षु स्वामी त्रिशताब्दी एवं चेतना वर्ष के उपलक्ष्य में तेरापंथ युवक परिषद्, सिलचर द्वारा भिक्षु स्वामी तेरस के पावन अवसर पर एक विशेष आध्यात्मिक संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। परिषद् ने श्रद्धालुओं से घर बैठे उपवास, आयंबिल, एकासन एवं “ॐ भिक्षु” मंत्र की माला जैसे विभिन्न धार्मिक संकल्पों के माध्यम से इस पुण्य अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
श्रावक-श्राविकाओं ने अत्यंत उत्साह एवं श्रद्धा के साथ इस अभियान में सहभागिता निभाई। अभियान के अंतर्गत 18 श्रद्धालुओं ने उपवास, 2 श्रद्धालुओं ने एकासन तथा 34 श्रद्धालुओं ने “ॐ भिक्षु” की 108 माला का संकल्प लेकर अपनी आस्था एवं साधना का परिचय दिया।
तेरापंथ युवक परिषद्, शिलचर ने सभी संकल्पधारियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन भिक्षु स्वामी के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने तथा समाज में धर्म, साधना एवं संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। परिषद् ने सभी के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं आध्यात्मिक उन्नति की मंगलकामना करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों में सक्रिय सहभागिता का आग्रह किया।यह समाचार तेरापंथ युवक परिषद् शिलचर के सहमंत्री लोकेश गुलगुलिया से प्राप्त हुई।