प्रेरणा प्रतिनिधि, हाइलाकांडी:
हाइलाकांडी जिले के लाला में लाला मुहर्रम कमेटी के तत्वावधान में करबला के शहीदों की याद में पवित्र मुहर्रम शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में मनाया गया। प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
मुहर्रम के अवसर पर चंद्रपुर बाइपास से एक विशाल शोक जुलूस निकाला गया, जो लाला शहर के विभिन्न मार्गों से होकर लाला रूरल कॉलेज मैदान पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस का नेतृत्व लाला मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष दिलोवार हुसैन बड़भुइया ने किया। जुलूस में शामिल अकीदतमंदों ने “हाय हसन, हाय हुसैन” की सदाओं के साथ मातम कर करबला के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद रूरल कॉलेज मैदान में पारंपरिक लाठी खेल और जारीगान का आयोजन किया गया, जिसने उपस्थित दर्शकों का विशेष आकर्षण प्राप्त किया। वहीं बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नफ्ल इबादत, रोजा, नमाज और दुआ के माध्यम से इमाम हुसैन एवं करबला के शहीदों को याद किया।
कार्यक्रम के समापन पर लाला मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष दिलोवार हुसैन बड़भुइया ने कहा कि विभागीय दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए इस वर्ष मुहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से किया गया। उन्होंने बताया कि जुलूस में किसी भी प्रकार के धारदार हथियार का प्रयोग नहीं किया गया। उन्होंने प्रशासन, विभिन्न क्षेत्रीय समितियों, स्वयंसेवकों, मुहर्रम में भाग लेने वाले सभी लोगों तथा सहयोग करने वाले सभी पक्षों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इससे पहले सुबह लाला कॉलेज मैदान में लाला सर्किल अधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में मुहर्रम का ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।