राजू दे, शिलचर।
असम की राजधानी गुवाहाटी के नीलाचल पर्वत पर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ कामाख्या मंदिर में आयोजित अंबुबाची मेले के दौरान श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु, साधु-संत और तांत्रिक साधक इस आध्यात्मिक महाकुंभ में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे पूरा मेला परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया है।
इस विशाल धार्मिक आयोजन के बीच मानव सेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत की है ललगणेश उदालबाकरा यूथ क्लब के सदस्यों ने। क्लब की ओर से शिवु कुमार देव, अरूप राय, खोखन मंडल, गौतम मेस्त्री तथा विश्वजीत कंसबनिक के साथ सिलचर से पहुंचे अमित कंसबनिक, कामदेव दास, पांडव दास और झलक दास ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच खाद्य सामग्री, पेयजल, जूस तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं का निःशुल्क वितरण किया।
श्रद्धालुओं ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि लंबी यात्रा और घंटों की प्रतीक्षा के बीच इस प्रकार की व्यवस्था उन्हें काफी राहत प्रदान करती है। कई श्रद्धालुओं ने बताया कि स्वयंसेवकों की तत्परता और सेवा भावना ने उनके धार्मिक अनुभव को और अधिक सुखद बना दिया।
इस दौरान प्रतिनिधि राजू दे ने मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनके अनुभव और भावनाओं को जाना। श्रद्धालुओं ने अंबुबाची मेले की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की भी प्रशंसा की।
आस्था, साधना और आध्यात्मिक चेतना के इस महापर्व में मानव सेवा और सामाजिक सद्भाव का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। अंबुबाची मेला केवल धार्मिक अनुष्ठान का केंद्र ही नहीं, बल्कि परोपकार और मानवीय संवेदनाओं का भी एक सशक्त मंच बनकर उभरा है।