जीसी पाल कॉलेज ऑफ एजुकेशन में रक्तदान शिविर आयोजित, 28 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

रामकृष्णनगर, 25 जून (गौतम सरकार): रामकृष्णनगर के धरनहाला स्थित जीसी पाल कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रेक्षागृह में गुरुवार को एक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर जीसी पाल कॉलेज ऑफ एजुकेशन, लियो क्लब रामकृष्णनगर तथा कछार कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के संयुक्त सहयोग से आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के सचिव सव्यसाची रुद्र गुप्ता एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में कुल 28 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। रक्तदाताओं को कॉलेज प्रशासन की ओर से उत्तरीय, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी संदीप दत्त को उनके द्वारा 27वीं बार रक्तदान करने के लिए बराक वैली वॉलंटरी ब्लड डोनर्स फोरम की ओर से अभिनंदन स्मृति-पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान फोरम एवं लियो क्लब के पदाधिकारियों द्वारा उन्हें सौंपा गया। साथ ही लियो क्लब रामकृष्णनगर के पदाधिकारियों और सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बराक वैली वॉलंटरी ब्लड डोनर्स फोरम के श्रीभूमि जिला के पूर्व अध्यक्ष डॉ. कृष्ण रंजन पाल, केंद्रीय समिति के सलाहकार कृष्ण चौधुरी, कछार जिला के सहाध्यक्ष रंजीत कुमार मिश्रअसीम पाल, कछार कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की ओर से शांत सिंह, सादिक अहमद, आजिम उद्दीन, सुप्रम दास, बप्पा रबी दास, समीर गोवाला एवं निखिल शाह उपस्थित रहे।

लियो क्लब रामकृष्णनगर की ओर से अध्यक्ष मधुमिता नाथ, सचिव रिदम चक्रवर्ती तथा सदस्य स्निग्धा नाथ, प्राची चक्रवर्ती, जयदीप दे, कुमकुम, अनुपम, सायंतनी कर, अभिनव सेनगुप्ता और सौरभ गोस्वामी ने सक्रिय भूमिका निभाई।

कॉलेज के सचिव सव्यसाची रुद्र गुप्ता ने कहा कि रक्तदान शिविर के आयोजन में जीसी पाल कॉलेज ऑफ एजुकेशन, लियो क्लब ऑफ रामकृष्णनगर, लायंस क्लब रामकृष्णनगर की युवा शाखा, बराक वैली वॉलंटरी ब्लड डोनर्स फोरम तथा लायंस क्लब ऑफ रामकृष्णनगर का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि कॉलेज में प्रत्येक तीन माह के अंतराल पर नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है।

उन्होंने कहा कि कुछ इच्छुक लोग हीमोग्लोबिन अथवा रक्तचाप संबंधी कारणों से रक्तदान नहीं कर सके, फिर भी उनकी सेवा भावना सराहनीय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि क्षेत्र के युवा आगे आकर नियमित रक्तदान करेंगे और रामकृष्णनगर भविष्य में बराक घाटी के रक्तदान आंदोलन का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

Leave a Comment