प्रेरणा भारती संवाददाता, बड़खला, 23 जून:
बड़खला क्षेत्र के हरिनछड़ा इलाके में सोमवार शाम एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नासिम उद्दीन बड़भुइयां के रूप में हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शाम लगभग 6:30 बजे बड़खला की ओर से आ रही एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े नासिम उद्दीन को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद बालक वाहन के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है तथा वाहन और चालक के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे से हरिनछड़ा क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।