योग केवल एक दिवस का उत्सव नहीं, स्वस्थ जीवन की जीवनशैली है : कौशिक राय
उधारबंद, 21 जून (प्रेरणा भारती)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को खसपुर राजबाड़ी में केंद्रीय आयुष मंत्रालय के तत्वावधान में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में असम सरकार के नगर विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामलों के मंत्री कौशिक राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में मंत्री कौशिक राय ने कहा कि योग हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग है। योग केवल 21 जून को मनाए जाने वाले एक दिवस तक सीमित नहीं है और न ही यह मात्र एक उत्सव है। इसके साथ शरीर और मन के समग्र विकास का गहरा संबंध जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “हेल्दी एजिंग” है, जिसका उद्देश्य हर आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवन के लिए योग अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
मंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीनतम साधनाओं में से एक है तथा भारत योग की जन्मभूमि रहा है। प्राचीन काल में ऋषियों, दार्शनिकों और योग गुरुओं ने योग को एक पूर्ण जीवन-दर्शन के रूप में स्थापित किया और इसे विश्वभर में फैलाया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने इस ऐतिहासिक स्थल खसपुर राजबाड़ी को जिला स्तरीय योग दिवस समारोह के लिए चुना है।
कौशिक राय ने कहा कि राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने आज शुआलकुची से वर्चुअल माध्यम से दो महत्वपूर्ण अभियानों—“प्रधानमंत्री श्री गांव-गांव योग अभियान” तथा “मेरी माटी, मेरे नायक”—का शुभारंभ किया है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव योग अभियान का उद्देश्य योग को प्रत्येक ग्रामीण क्षेत्र तक पहुंचाना है, ताकि ग्रामीण समाज स्वस्थ एवं निरोग जीवन जी सके। वहीं “मेरी माटी, मेरे नायक” अभियान के माध्यम से उन व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपने क्षेत्र और समाज को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, लेकिन उन्हें अब तक उचित पहचान नहीं मिल सकी है।
कार्यक्रम में उधारबंद के नवनिर्वाचित विधायक राजदीप ग्वाला ने कहा कि योग को केवल उत्सव का स्वरूप नहीं दिया जाना चाहिए। योग को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास से शरीर और मन दोनों का विकास होता है तथा व्यक्ति स्वस्थ और संतुलित जीवन जी सकता है।
इस अवसर पर उधारबंद मंडल अध्यक्ष उमाशंकर भट्टाचार्य, अतिरिक्त जिला आयुक्त नवज्योति कुटुम, स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त निदेशक सुमना नाइडिंग, एसडीएम (मुख्यालय) अनिंदिता चक्रवर्ती, योग प्रशिक्षक चंदन देव एवं विश्वजीत देव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन संजीव दास ने किया।
समारोह के दौरान 19 जून को इटखोला में आयोजित विभिन्न विभागों की योग प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मंत्री कौशिक राय, विधायक राजदीप ग्वाला, मंडल अध्यक्ष उमाशंकर भट्टाचार्य, जिला परिषद सदस्य रोहित सिंह तथा अन्य अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।