ब्रह्मपुत्र की लहरों पर योग: आईडब्ल्यूएआई ने अनोखे अंदाज में मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

गुवाहाटी, 21 जून। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन इस वर्ष एक अनूठे और नदी-केंद्रित अंदाज में किया। असम में ब्रह्मपुत्र नदी पर संचालित विभिन्न जलयानों पर योग सत्र आयोजित कर प्राधिकरण ने योग और प्रकृति के सामंजस्य का संदेश दिया।

गुवाहाटी के पांडु क्षेत्र में आईडब्ल्यूएआई के अधिकारियों, कर्मचारियों और योग प्रेमियों ने टग नौकाओं एमपीटी सुखदेव तथा एचपीटी बी.आर. आंबेडकर पर सवार होकर राष्ट्रीय जलमार्ग-2 (ब्रह्मपुत्र नदी) में नौकायन करते हुए कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया। इसी प्रकार जोगीघोपा में डब्ल्यूबी सैफ्रन तथा डिब्रूगढ़ के बोगीबील क्षेत्र में डब्ल्यूबी आइरिस और डब्ल्यूबी टैन्सी जलयानों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस विशेष पहल में आईडब्ल्यूएआई कर्मियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम ने न केवल योग को स्वस्थ जीवनशैली के रूप में अपनाने का संदेश दिया, बल्कि भारत के अंतर्देशीय जलमार्गों की विशाल संभावनाओं और प्राकृतिक सौंदर्य को भी उजागर किया।

इस अवसर पर आईडब्ल्यूएआई के क्षेत्रीय कार्यालय, गुवाहाटी के निदेशक (प्रभारी) प्रबीन बोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में योग वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य और कल्याण का जनांदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के मार्गदर्शन से प्रेरित होकर आईडब्ल्यूएआई ने अपनी विशिष्ट पहचान के अनुरूप ब्रह्मपुत्र नदी पर जलयानों के बीच योग का आयोजन किया है, जो मानव स्वास्थ्य और प्रकृति के बीच सामंजस्य का प्रतीक है।

इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) रही। कार्यक्रम के माध्यम से शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और समग्र जीवनशैली में योग की भूमिका को रेखांकित किया गया, साथ ही भारत की नदियों और सांस्कृतिक विरासत के गहरे संबंध को भी उजागर किया गया।

Leave a Comment