तेरापंथ युवक परिषद्, शिलचर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग एवं रियायती रक्त जांच शिविर का सफल आयोजन

शिलचर, 21 जून 2026

अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के “फिट युवा – हिट युवा” अभियान #YogaSeHoga 3.0 (#योगासेहोगा 3.0) के अंतर्गत तेरापंथ युवक परिषद्, शिलचर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जैन भवन (चौथी मंजिल) में योग सत्र एवं रियायती रक्त जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठजनों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य जांच का लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम का संचालन परिषद् के सहमंत्री लोकेश गुलगुलिया ने किया तथा स्वागत उद्बोधन उपाध्यक्ष जयंत चोपड़ा ने प्रस्तुत किया। योग प्रशिक्षक ऋषभ नाहटा ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं प्रेक्षा ध्यान का अभ्यास कराया तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया। नियमित योग साधकों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए योग से प्राप्त शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।

योग सत्र के साथ आयोजित रियायती रक्त जांच शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। अपोलो डायग्नोस्टिक सेंटर, शिलचर के सहयोग से विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांचें विशेष रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम को सिंघी ह्युंडई का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

इस आयोजन में तेरापंथ सभा, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम, मारवाड़ी सम्मेलन, मारवाड़ी युवा मंच, मारवाड़ी युवा मंच सिलचर टाइटन्स, मारवाड़ी युवा मंच शिलचर उदय तथा मारवाड़ी युवा मंच समृद्धि शाखा का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ। परिषद् ने सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के अध्यक्ष एवं सचिवों का सम्मान भी किया गया। योग शिविर में लगभग 75 जनों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही, वहीं रियायती रक्त जांच शिविर में 85 जनों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ प्राप्त किया।

इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में अशोक मरोठी, प्रकाश बरड़िया, अमन बोथरा, साहिल डागा, नयन सेठिया, प्रतीक सांड, जैकी मरोठी, सिद्धार्थ मालू, हेमंत छाजेड़, यश दुगड़ एवं गौतम सुराणा का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ, जिसके लिए परिषद् ने सभी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

अंत में उपस्थित सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए नियमित योग अपनाने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने का संदेश दिया गया।

यह जानकारी तेरापंथ युवक परिषद्, शिलचर के सहमंत्री लोकेश गुलगुलिया द्वारा प्रदान की गई।

जारीकर्ता

तेरापंथ युवक परिषद्, शिलचर

Leave a Comment