रानू दत्त शिलचर, 20 जून: असम सरकार में बराक घाटी का प्रतिनिधित्व करने वाले नव नियुक्त मंत्रियों कृष्णेंदु पाल और कौशिक राय का शनिवार को शिलचर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। भाजपा कार्यालय के प्रवेश द्वार पर आतिशबाजी, पुष्पवर्षा तथा विष्णुप्रिया बैंड पार्टी की धुनों के बीच दोनों मंत्रियों का अभिनंदन किया गया।
स्वागत समारोह के बाद दोनों मंत्री सीधे कछार जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री कृष्णेंदु पाल ने शिलचर की आधारभूत संरचना से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-6 (एनएच-6) के निर्माण कार्य का टेंडर पूरा हो चुका है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
वहीं, शिलचर-जाफलांग सड़क परियोजना में हो रही देरी के संबंध में मंत्री कौशिक राय ने कहा कि लगातार प्राकृतिक आपदाओं और विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटनाओं के कारण कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार और संबंधित विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
कौशिक राय ने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री की इस परियोजना पर विशेष निगरानी है और उत्पन्न समस्याओं का समाधान कर निर्माण कार्य को गति देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जल्द ही सड़क परियोजना में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिलेगी।
दोनों मंत्रियों के स्वागत कार्यक्रम ने भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल पैदा कर दिया और बराक घाटी के विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीदें जगा दी हैं।