शिलचर, संवाददाता:
शिलचर स्थित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कार्यालय में इन दिनों राशन कार्ड से संबंधित विभिन्न कार्यों में तेजी देखी जा रही है। विशेष रूप से राशन कार्ड में नामांतरण (ट्रांसफर) तथा मृत व्यक्तियों के नाम हटाने की प्रक्रिया युद्धस्तर पर जारी है।
लक्षीपुर के विधायक एवं मंत्री कौशिक राय को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग का दायित्व मिलने के बाद विभागीय कार्यों में उल्लेखनीय गति आई है। कार्यालय में विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले कई लाभार्थियों ने भी सेवाओं में सुधार और कार्यों के शीघ्र निष्पादन पर संतोष व्यक्त किया है।
विभाग के अधीक्षक (प्रभारी) मुख्यधर दास ने मीडिया को बताया कि वर्तमान में कार्यालय का कामकाज काफी तेज़ी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि बीच-बीच में सर्वर डाउन जैसी तकनीकी समस्याएं सामने आती हैं, लेकिन इससे कार्यों पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ रहा है। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी सभी मामलों का समयबद्ध तरीके से निपटारा कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि फिलहाल राशन कार्ड में नाम स्थानांतरण और मृत व्यक्तियों के नाम हटाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। हालांकि, राशन कार्ड में नए सदस्यों के नाम जोड़ने तथा नए राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया वर्तमान में पूरी तरह से स्थगित है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को आवश्यक सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।