उधारबंद, प्रतिनिधि। उधारबंद थाना क्षेत्र के लाठीग्राम स्थित पारिजात रेस्टोरेंट को लेकर क्षेत्र में भारी विवाद उत्पन्न हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से उक्त प्रतिष्ठान में स्पा की आड़ में अनैतिक गतिविधियां, अवैध शराब, गांजा तथा जुए का कारोबार संचालित किया जा रहा है। आरोपों के अनुसार इस प्रतिष्ठान का संचालन सिलचर स्थित मौसुमी अस्पताल के स्वत्वाधिकारী जे.पी. दास द्वारा किया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय जागरूक नागरिकों की पहल पर रेस्टोरेंट परिसर से एक संदिग्ध परिस्थिति में मौजूद किशोरी को उधारबंद पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से रेस्क्यू कर उधारबंद थाना के सुपुर्द किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पारिजात रेस्टोरेंट के सामने एकत्रित हो गए। स्थिति को देखते हुए सिलचर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) तथा उधारबंद के सर्किल अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया।
स्थानीय नागरिकों ने रेस्टोरेंट में कथित रूप से चल रही अवैध गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा प्रतिष्ठान को तत्काल बंद कराने की मांग प्रशासन से की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हालांकि, आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।