शिलचर में नवनिर्वाचित विधायक राजदीप ग्वाला का भव्य सम्मान, असम प्रदेश यादव महासभा की नई समिति गठित

चंद्रशेखर ग्वाला शिलचर, 13 जून। असम प्रदेश यादव महासभा की कछार, श्रीभूमि और हैलाकांदी जिला शाखाओं के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को शिलचर स्थित हिंदी भवन सभागार में उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधायक राजदीप ग्वाला के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बैकुंठ ग्वाला ने की।
समारोह में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रफुल्ल दास यादव सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं तीनों जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यादव महासभा की ओर से विधायक राजदीप ग्वाला को पारंपरिक पगड़ी, लउर तथा भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न यादव संगठनों द्वारा भी उनका अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कन्हाई यादव एवं श्यामनारायण यादव द्वारा प्रस्तुत यादव समाज की पारंपरिक बिरहा गायन ने उपस्थित जनसमूह का विशेष आकर्षण प्राप्त किया और सभागार को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
अपने संबोधन में प्रफुल्ल दास यादव ने कहा कि राजदीप ग्वाला के नेतृत्व और सहयोग से असम प्रदेश यादव महासभा समाजहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में सफल होगी। उन्होंने हाल ही में आयोजित रे जांगला कलश यात्रा का उल्लेख करते हुए इसे कछार जिले की उल्लेखनीय सामाजिक एवं सांस्कृतिक यात्राओं में से एक बताया। साथ ही युवाओं से शिक्षा, संस्कार और संगठनात्मक एकता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
विधायक राजदीप ग्वाला ने अपने संबोधन में कहा कि यादव समाज सदैव सामाजिक समरसता, सहयोग और जनकल्याण के कार्यों में अग्रणी रहा है। उन्होंने समाज के सर्वांगीण विकास और युवाओं के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया। सम्मान के लिए आभार जताते हुए उन्होंने समाज के सभी वर्गों से मतभेद भुलाकर एकजुट होकर आगे बढ़ने और अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

इस अवसर पर असम प्रदेश यादव महासभा की नई प्रदेश समिति का भी गठन किया गया। सर्वसम्मति से सुबचन ग्वाला को प्रदेश अध्यक्ष, बिक्रम ग्वाला को महासचिव तथा रत्नेश्वर ग्वाला को असम प्रदेश युवा यादव महासभा का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं राजदीप ग्वाला, तेरश ग्वाला और रुपेश ग्वाला को संगठन का उपदेशक नियुक्त किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, सामाजिक एकता, शिक्षा के प्रसार तथा समाज के समग्र विकास पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम का संचालन लालन प्रसाद ग्वाला ने किया।
उल्लेखनीय है कि सम्मान समारोह में बराक घाटी के तीनों जिलों के विभिन्न गांवों और नगरों से आए 500 से अधिक प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया, जिससे पूरा हिंदी भवन सामाजिक एकता, उत्साह और भाईचारे के वातावरण से गूंज उठा।