हाइलाकांदी में नशा विरोधी अभियान में बड़ी सफलता
४६ ग्राम हेरोइन बरामद एक गिरफ्तार एक अन्य आरोपी फरार
प्रीतम दास हाइलाकांदी, १२ जून :
हाइलाकांदी जिले में नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस को एक बार फिर उल्लेखनीय सफलता मिली है। जिले के अल्गापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहानपुर पार्ट-६ इलाके में चलाए गए एक विशेष अभियान में लगभग ४६ ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग २० लाख रुपये है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जबकि एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है।पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को मोहानपुर पार्ट-६ क्षेत्र में सुनियोजित अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई और तलाशी अभियान शुरू किया गया। तलाशी के दौरान लगभग ४६ ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद हुई जिसे प्रारंभिक जांच में मादक पदार्थ के रूप में चिन्हित किया गया है।इस मामले में २४ वर्षीय हाफिजुर हक बरभुइया को गिरफ्तार किया गया है। वह मोहानपुर पार्ट-६ का निवासी है। वहीं, इसी मामले का एक अन्य आरोपी ३४ वर्षीय आजमल हुसैन बरभुइया पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।अभियान के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल किए जाने के संदेह में दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। जब्त वाहन तथा बरामद मादक पदार्थ फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में रखे गए हैं। जांच के हित में इनकी विस्तृत जांच पड़ताल की जा रही है।यह अभियान डीएसपी विद्युत कुमार शइकिया के नेतृत्व में अल्गापुर थाना पुलिस और मोहानपुर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया। अभियान में थाना के अन्य अधिकारियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। पुलिस का कहना है कि लंबे समय तक निगरानी और खुफिया जानकारी एकत्र करने के बाद इस अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। हाल के दिनों में हैलाकांडी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। विभिन्न अभियानों में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं तथा कई तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन के स्रोत तस्करी नेटवर्क के विस्तार तथा इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिए जांच जारी है। साथ ही फरार आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए विशेष अभियान तेज कर दिया गया है।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान और अधिक सख्ती से जारी रहेंगे तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।