।।अभिभावक मंत्री बनने के बाद मंत्री केशव महंत का पहला लखीमपुर दौरा।।
प्रेरणा प्रतिवेदन लखीमपुर, 12 जून
असम सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, सामान्य प्रशासन, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री तथा लखीमपुर जिले के अभिभावक मंत्री केशव महंत ने शुक्रवार को लखीमपुर जिला आयुक्त कार्यालय में जिले की बाढ़ तैयारियों और कटाव रोधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
अभिभावक मंत्री का दायित्व संभालने के बाद जिले के अपने पहले दौरे में मंत्री महंत ने जिला प्रशासन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर संभावित बाढ़ स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में जल संसाधन विभाग सहित बाढ़ एवं नदी कटाव से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत में जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ से निपटने के लिए की गई तैयारियों पर एक प्रस्तुति दी। मंत्री ने राजस्व, जल संसाधन और कृषि विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से क्षेत्रीय निरीक्षण कर जिले के वास्तविक बाढ़ प्रभावित गांवों की सही जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
उन्होंने राहत शिविरों और आदर्श राहत शिविरों में पेयजल, स्वच्छता तथा विद्युत आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही जहां-जहां नदी कटाव की समस्या है, वहां आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए।
मंत्री महंत ने कहा कि आगामी विधानसभा बजट सत्र के बाद वे जिले में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी परियोजना या योजना के कार्यान्वयन में अनावश्यक देरी न हो।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने राजस्व सर्किल कार्यालयों और विकास खंड कार्यालयों को शिकायत-मुक्त कार्यालय बनाने पर बल दिया, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सभी विभागों को बाढ़ जैसी आपदा से निपटने के लिए आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर कार्य करने का निर्देश भी दिया।
बैठक में लखीमपुर विधायक मानव डेका , रंगानदी विधायक श्रषिराज हजारिका , नाओबैसा विधायक जय प्रकाश दास , जिला आयुक्त प्रणवजीत काकती , वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुनीन्द्र डेका सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।