90वें वर्ष में प्रवेश पर शिलचर स्पोर्टिंग क्लब का भव्य आगाज़, वर्षभर होंगे खेल, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम।
चंद्रशेखर ग्वाला शिलचर। 12 जून :—- बराक घाटी के खेल जगत में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाला शिलचर स्पोर्टिंग क्लब अपने स्थापना के 90वें वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में वर्षभर चलने वाले विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ 14 जून से करेगा। इस संबंध में क्लब के पदाधिकारियों ने एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम का उद्घाटन 14 जून को रामकृष्ण मिशन के महाराज बैकुंठानंद जी के कर-कमलों से किया जाएगा। समारोह की शुरुआत एक भव्य मशाल दौड़ से होगी, जिसका संचालन चार महिला एथलीट करेंगी। क्लब ने इस अवसर को खेल, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों के संगम के रूप में मनाने की योजना बनाई है।
कार्यक्रम के अंतर्गत महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें आरकाटीपुर लिटिल गर्ल्स, लालबाग महिला फुटबॉल टीम, हाईलाकांदी महिला फुटबॉल दल तथा कलाईन महिला एकादश सहित चार टीमें भाग लेंगी।
समारोह में जिले के दो सर्वाधिक बार रक्तदान करने वाले समाजसेवियों राजेंद्र जैन और प्रभास राय को विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा खेल जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चार विशिष्ट खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
क्लब की ओर से वर्षभर विभिन्न इनडोर एवं आउटडोर खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी 80 प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न सामाजिक संगठनों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर एक नई क्रिकेट अकादमी का उद्घाटन भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित होगा। पहले चरण में विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जबकि दूसरे चरण में पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह संपन्न होगा।
संवाददाता सम्मेलन में क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1936 में ज्योतिर्मय सेन और माखन सेन द्वारा स्थापित शिलचर स्पोर्टिंग क्लब जिले का दूसरा सबसे पुराना क्लब है। स्थापना काल से ही यह संस्था खेल प्रतिभाओं को निखारने और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है। बराक घाटी के खेल विकास में क्लब का योगदान सदैव उल्लेखनीय रहा है और आज भी यह क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बना हुआ है।