मारकुलिएन के अनानास किसानों को मिलेगा सरकारी सहयोग, मार एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी ने जताया आभार

मारकुलिएन के अनानास किसानों को मिलेगा सरकारी सहयोग, मार एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी ने जताया आभार

शिलचर, 12 जून। कछार जिले के लक्षीपुर स्थित मारकुलिएन क्षेत्र में अनानास की खेती और व्यापार को सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का स्थानीय किसानों ने स्वागत किया है। किसानों का मानना है कि इस पहल से न केवल अनानास उत्पादकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, बल्कि उनके उत्पादों के विपणन और बाजार विस्तार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

गुरुवार को कछार जिला आयुक्त कार्यालय में आयोजित एक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए किसान प्रतिनिधि एवं मार एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के बोर्ड सदस्य मनितन सिंह ने अनानास क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की पहल पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस प्रयास से जुड़े सभी अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों को भी धन्यवाद दिया।

मनितन सिंह ने कहा कि सरकार की यह पहल मारकुलिएन और आसपास के क्षेत्रों के अनानास किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान अपनी आजीविका के लिए अनानास की खेती पर निर्भर हैं, इसलिए उत्पादन, विपणन और बाजार संपर्क को मजबूत करने वाली योजनाएं स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेंगी।

इससे पूर्व जिला आयुक्त आयुष्मान गर्ग की अध्यक्षता में जिला आयुक्त कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विकास आयुक्त राजीव राय, सर्कल अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी राहुल चक्रवर्ती, सीडीसी ध्रुवज्योति पाठक, उद्यानिकी विभाग के एसडीओ नेकिबुर जमान तथा मार एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के चेयरमैन लालपिइलाओन हमार, सीईओ माखन लाल दुसाद, बोर्ड सदस्य असम गौरव मनथांग हमार, जेम्स मार, नैंसी हमार सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे। इसके अलावा पीजीपी लिमिटेड, गुवाहाटी के विशेषज्ञ एवं प्रबंध निदेशक विकास टोडी, बृजेश दत्ता और ऋतुराज भरद्वाज भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक में अनानास उत्पादन, विपणन व्यवस्था, मूल्य संवर्धन तथा किसानों को विभिन्न प्रकार की सहायता उपलब्ध कराने से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

किसान प्रतिनिधियों ने आशा व्यक्त की कि सरकार के सहयोग से मारकुलिएन और आसपास के क्षेत्रों में उत्पादित अनानास के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध होगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और क्षेत्र में अनानास उत्पादन की अपार संभावनाओं को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Comment