मानवता की मिसाल बने सरस्वती विद्यानिकेतन के तीन छात्र, घायल महिला की बचाई जान

मानवता की मिसाल बने सरस्वती विद्यानिकेतन के तीन छात्र, घायल महिला की बचाई जान

श्रीभूमि, 12 जून। श्यामाप्रसाद रोड के बारीसिला क्षेत्र में गुरुवार रात एक महिला अचानक मुख्य सड़क पर चक्कर खाकर गिर गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के समय सड़क पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने उनकी सहायता के लिए आगे आने का साहस नहीं दिखाया।

ऐसे कठिन समय में श्रीभूमि के पब्लिक स्कूल रोड स्थित सरस्वती विद्यानिकेतन के तीन छात्रों ने मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट परिचय दिया। छात्रों ने बिना देर किए घायल महिला को सड़क से सुरक्षित उठाया और तत्काल अस्पताल पहुँचाकर उनके उपचार की व्यवस्था की।

इतना ही नहीं, उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को भी दी, जिससे महिला की पहचान और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

 

स्थानीय लोगों ने छात्रों के इस संवेदनशील और साहसिक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में, जब अधिकांश लोग केवल तमाशबीन बनकर रह जाते हैं, ऐसे युवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। छात्रों की इस मानवीय पहल ने यह सिद्ध कर दिया कि सेवा, संवेदना और जिम्मेदारी की भावना आज भी युवाओं में जीवित है।

Leave a Comment