उधारबंद में अरुणोदय योजना के बकाया लाभार्थियों को मिले 9 हजार रुपये के चेक, विधायक राजदीप गोयाला ने किया वितरण
निहार कांति राय, उधारबंद, 10 जून:
असम सरकार की जनकल्याणकारी अरुणोदय योजना 3.0 के अंतर्गत वर्ष 2025 के नवंबर माह में लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से राशि जमा की गई थी। हालांकि उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के अनेक पात्र लाभार्थी इस लाभ से वंचित रह गए थे।
लाभार्थी महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उधारबंद के नव-निर्वाचित विधायक राजदीप गोयाला ने असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा से मुलाकात कर इस समस्या को उनके समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि वंचित लाभार्थियों को अरुणोदय योजना की बकाया राशि चेक के माध्यम से प्रदान की जाएगी।
इसी क्रम में मंगलवार को उधारबंद मंडल भाजपा कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में विधायक राजदीप गोयाला ने प्रतीकात्मक रूप से 37 लाभार्थियों को अरुणोदय योजना के तहत 9,000 रुपये के बकाया भुगतान के चेक वितरित किए।
इस अवसर पर विधायक गोयाला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में संचालित यह सरकार जनता की भलाई के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि अरुणोदय योजना मुख्य रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाली महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत”, “आत्मनिर्भर नारी” और “विकसित भारत” के सपने को साकार करने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी दृष्टि से राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता दे रही है तथा भविष्य में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए और भी योजनाएं शुरू की जाएंगी।
कार्यक्रम में उधारबंद मंडल भाजपा अध्यक्ष उमाशंकर भट्टाचार्य ने भी संबोधित किया। मंच पर मंडल महासचिव स्वरूप दत्ता, प्रद्युत चक्रवर्ती, आंचलिक पंचायत अध्यक्ष सुमन केवट, जिला परिषद सदस्य रोहित सिंह, जिला परिषद सदस्या दीप्ति शुक्ल बैद्य, दयापुर आंचलिक पंचायत सदस्या सुनंदा कुर्मी, उधारबंद जीपी की सभानेत्री काकली कर सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा लाभार्थी उपस्थित थे।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार उधारबंद मंडल क्षेत्र में कुल 178 ऐसे लाभार्थी हैं, जिनके नाम पर बकाया राशि स्वीकृत हुई है। जिन लाभार्थियों को अभी तक राशि प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें आगामी दिनों में भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं के माध्यम से चेक प्रदान किए जाएंगे।