पाथारकांडी मॉब लिंचिंग के विरोध में शिलचर में जनप्रदर्शन, समाजसेवी सत्यजीत गुप्ता की तबीयत बिगड़ी

पाथारकांडी मॉब लिंचिंग के विरोध में शिलचर में जनप्रदर्शन, समाजसेवी सत्यजीत गुप्ता की तबीयत बिगड़ी

शिलचर, 7 जून। पाथारकांडी में दो दिहाड़ी मजदूर भाइयों को कथित रूप से गो-चोरी के संदेह में भीड़ द्वारा बेरहमी से पीटे जाने की घटना के विरोध में शनिवार शाम शिलचर के गोलदिघी मॉल के सामने एक विशाल जनप्रदर्शन आयोजित किया गया। विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं लोकतांत्रिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विरोध कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अपने खोए हुए मवेशियों की तलाश में निकले दो गरीब मजदूर भाइयों को गो-चोर समझकर भीड़ ने निर्ममता से पीटा। दोनों घायल वर्तमान में शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचाराधीन हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन घटना के मुख्य आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कड़ी सजा की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि समाज में बढ़ती असहिष्णुता और नफरत का माहौल मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं को बढ़ावा दे रहा है। ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सामाजिक सौहार्द, मानवीय मूल्यों और जनजागरूकता को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।

इस विरोध कार्यक्रम में फोरम फॉर सोशल हार्मनी, ह्यूमन साइंस फोरम, शिलचर कल्चरल यूनिट, कोरस शिलचर, नारी मुक्ति संस्था, नांदनिक शिलचर, नाट्यांगन, नबारुण, भावीकाल, गणसुर, पूबाली, कयानट, नया ग्रुप तथा विनिर्माण सहित अनेक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस बीच, प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी सत्यजीत गुप्ता की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल शिलचर के ग्रीन हिल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उनकी स्थिति स्थिर बताई गई और वे स्वस्थ हैं।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पाथारकांडी की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आने वाले दिनों में और व्यापक जनआंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।

Leave a Comment