सड़क दुर्घटना में घायल जितेंद्र दास की मौत, परिजनों ने पुलिस की निष्क्रियता पर उठाए सवाल; त्वरित न्याय की मांग

सड़क दुर्घटना में घायल जितेंद्र दास की मौत, परिजनों ने पुलिस की निष्क्रियता पर उठाए सवाल; त्वरित न्याय की मांग

शिलचर, 7 जून। शिलचर के गोपाल अखाड़ा क्षेत्र में 15 अप्रैल को हुई एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए जितेंद्र चंद्र दास का लंबी चिकित्सकीय जद्दोजहद के बाद 31 मई को निधन हो गया। इस घटना को लेकर परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने पुलिस की कथित निष्क्रियता पर चिंता व्यक्त करते हुए दोषी के खिलाफ शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल को एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से जितेंद्र दास गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें पहले शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए जीवन ज्योति अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी सर्जरी की गई। बाद में उन्नत चिकित्सा के लिए उन्हें शिलांग के एक अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। लगभग डेढ़ महीने तक उपचार चलने के बाद उन्हें घर लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर पुनः एसएमसीएच ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया।

मृतक के परिवार का आरोप है कि दुर्घटना के समय मोटरसाइकिल चला रहा कछार निवासी नहीं, बल्कि श्रीभूमि जिले का निवासी केशव नाथ था, जो वर्तमान में शिलचर के पब्लिक स्कूल रोड क्षेत्र में रह रहा है। परिवार का कहना है कि सदर थाना में मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपी के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

मृतक के पुत्र सुमित दास ने बताया कि आरोपी के बड़े भाई ने मामले को वापस लेने का अनुरोध किया था, लेकिन परिवार ने इसे अस्वीकार कर न्याय के लिए कानूनी लड़ाई जारी रखने का निर्णय लिया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जितेंद्र दास एक जाने-माने बैडमिंटन खिलाड़ी थे। परिवार की आजीविका का मुख्य आधार उनकी राशन दुकान थी। उनके निधन से परिवार गंभीर आर्थिक और सामाजिक संकट का सामना कर रहा है।

रविवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में दीप भट्टाचार्य, विशाल आचार्य, हीरक देवनाथ, प्रकाश पाल, किशोर पाल, रिपन पाल, जॉयश्री दास, ध्रुवज्योति दास सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश पाल ने भी मामले का त्वरित निपटारा कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की।

Leave a Comment