विश्व पर्यावरण दिवस पर सीआरपीएफ जवानों का वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

विश्व पर्यावरण दिवस पर सीआरपीएफ जवानों का वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

उधारबंद, 5 जून (नीहार कांति राय): विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दयापुर ग्रुप सेंटर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों द्वारा व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रुप सेंटर के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) उदय प्रताप सिंह एवं कमांडेंट आर. डी. अर्नल ने पौधारोपण कर किया।

इस अवसर पर अधिकारियों एवं जवानों ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम के बाद प्रेरणा भारती के प्रतिनिधि नीहार कांति राय से बातचीत करते हुए डीआईजी उदय प्रताप सिंह ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक उत्सव नहीं, बल्कि मानवता के भविष्य से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे ही जीवन के आधार हैं। यदि वृक्ष नहीं रहेंगे तो ऑक्सीजन का संकट उत्पन्न होगा और समस्त जीव-जगत का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर होकर अधिक से अधिक वृक्ष लगाए और उनकी देखभाल सुनिश्चित करे। यदि आज हम प्रकृति की रक्षा नहीं करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को प्रदूषण और पर्यावरणीय संकट से घिरी दुनिया विरासत में मिलेगी।

डीआईजी ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि केवल वृक्षारोपण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को जीवित रखना और हरित वातावरण का विस्तार करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पृथ्वी उपहार स्वरूप दी जा सकती है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जवानों ने पर्यावरण संरक्षण तथा हरित भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Comment