उधारबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में नशीले कफ सिरप और टैबलेट बरामद

उधारबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में नशीले कफ सिरप और टैबलेट बरामद

उधारबंद, 4 जून: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उधारबंद पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप और नशीली टैबलेट बरामद की हैं। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, उधारबंद क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रचलन और उससे जुड़े चोरी जैसे अपराधों को देखते हुए पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लाठी गांव की ओर से एक वाहन में नशीले कफ सिरप और टैबलेट की खेप तस्करी के उद्देश्य से लाई जा रही है।

सूचना के आधार पर उधारबंद थाना प्रभारी एस. एस. तिमुंग तथा एसआई कालिधर थाउसेन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ब्लू हिल्स अस्पताल के समीप घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। रात लगभग 11 बजे लाठी गांव की ओर से आ रहे वाहन (पंजीकरण संख्या AS-11-DC-8629) को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन से 8,010 बोतल नशीला कफ सिरप तथा 36,000 नशीली टैबलेट बरामद की गईं। पुलिस ने वाहन चालक ग्यास उद्दीन, निवासी साईबाग, को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। उसके विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार और उससे जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Comment