उधारबंद ब्लॉक कार्यालय में नव-निर्वाचित विधायक राजदीप ग्वाला का भव्य अभिनंदन

उधारबंद ब्लॉक कार्यालय में नव-निर्वाचित विधायक राजदीप ग्वाला का भव्य अभिनंदन

उधारबंद, निहार कांति राय। उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के नव-निर्वाचित विधायक राजदीप ग्वाला का बुधवार को उधारबंद ब्लॉक कार्यालय परिसर में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक कार्यालय के कर्मचारियों, आंचलिक पंचायत समिति के सदस्यों तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों के अध्यक्षों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें सम्मानित किया।

उधारबंद ब्लॉक सभागार में आयोजित अभिनंदन समारोह की अध्यक्षता ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) साधना काथारपी ने की। कार्यक्रम में आंचलिक पंचायत अध्यक्ष सुमन केवट ने विधायक ग्वाला का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया, जबकि बीडीओ ने उन्हें पारंपरिक उत्तरीय ओढ़ाकर सम्मानित किया।

इसके बाद आंचलिक पंचायत अध्यक्ष सुमन केवट, उपाध्यक्ष अमिता चक्रवर्ती, दयापुर जीपी की आंचलिक पंचायत सदस्य सुंदना कुर्मी, हाथीछोड़ा जीपी के सदस्य रामू छेत्री, पानग्राम के आंचलिक पंचायत सदस्य अभिजीत आचार्य, लारसिंग जीपी की सदस्य भारती राजवंशी सहित अनेक पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक को उत्तरीय एवं श्रीश्री राधा-कृष्ण की प्रतिकृति भेंट कर सम्मानित किया। ग्राम पंचायत सचिव मुक्तालाल भट्टाचार्य तथा अस्थायी कर्मचारियों ने भी उन्हें सम्मान प्रदान किया।

स्वागत भाषण में बीडीओ साधना काथारपी ने विधायक को शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र के विकास में उनके नेतृत्व की सराहना की। वहीं आंचलिक पंचायत अध्यक्ष सुमन केवट ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

अपने संबोधन में विधायक राजदीप ग्वाला ने विभिन्न ग्राम पंचायतों के अध्यक्षों, सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को सुना। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि विकास से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक अकाउंटेंट बिमल साहू ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह के उपरांत विधायक राजदीप ग्वाला ने उधारबंद ब्लॉक परिसर में पौधारोपण भी किया।

इस अवसर पर मंच पर उधारबंद मंडल अध्यक्ष उमाशंकर भट्टाचार्य, काशीपुर मंडल अध्यक्ष, जिला परिषद सदस्य रोहित सिंह तथा जिला परिषद सदस्या दीप्ति शुक्ल बैद्य सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। समारोह में ब्लॉक के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Comment