विश्व रक्तदाता दिवस पर 14 जून को शिलचर में मेगा रक्तदान शिविर
प्रे.स. शिलचर, 4 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून 2026 को सिलचर के जैन भवन में एक मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर मारवाड़ी सम्मेलन, सिलचर के तत्वावधान में मारवाड़ी सम्मेलन महिला शाखा, रोटरी क्लब ऑफ ग्रीनलैंड, मारवाड़ी युवा मंच, मारवाड़ी युवा मंच टाइटन्स तथा मारवाड़ी युवा मंच समृद्धि शाखा के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि इस पुनीत अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना तथा कछार कैंसर अस्पताल, सिलचर सहित अन्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में सहयोग मिल सके।
मारवाड़ी सम्मेलन, सिलचर के मंत्री प्रकाश चंद सुराना तथा मेगा रक्तदान शिविर-2026 के संयोजक निशांत जैन ने समाज के सभी वर्गों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं से इस मानवीय पहल में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को इस नेक कार्य में आगे आना चाहिए।
आयोजकों ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, समाचार पत्रों तथा सामाजिक माध्यमों के जरिए रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने और अधिकाधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का भी आग्रह किया है। उनका विश्वास है कि जनसहयोग और जागरूकता के माध्यम से यह शिविर सफल होगा तथा अनेक जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिल सकेगा।