कछार में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, भारी मात्रा में हेरोइन बरामद; एक पुरुष सहित तीन महिलाएं गिरफ्तार।

कछार में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, भारी मात्रा में हेरोइन बरामद; एक पुरुष सहित तीन महिलाएं गिरफ्तार।
चंद्रशेखर ग्वाला शिलचर, 4 जून: कछार जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को लगातार बड़ी सफलताएं मिल रही हैं। अलग-अलग स्थानों पर चलाए गए विशेष अभियानों के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई तथा तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर तारापुर रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में एक महिला मादक पदार्थ तस्कर को हिरासत में लिया गया। एन डी पी एस अधिनियम के प्रावधानों के तहत एक महिला पुलिसकर्मी द्वारा स्वतंत्र महिला गवाहों की उपस्थिति में उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके शरीर में छिपाकर रखे गए 15 साबुन के डिब्बों से लगभग 298 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई, जिसे जब्त कर लिया गया।
     इसी क्रम में सोनाई थाना इलाके में डीएसपी रिमांक बरुआ तथा सोनाई थाना प्रभारी त्रिदीप कुमार बरा के नेतृत्व में चलाए गए मादक-विरोधी अभियान के दौरान दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनके बैगों की तलाशी लेने पर 11 साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखी गई लगभग 122 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार दोनों महिलाएं जिरीघाट क्षेत्र की निवासी बताई जा रही हैं।
      वहीं, शिलचर शहर के फाटक बाजार क्षेत्र के निकट एक अन्य अभियान में पुलिस ने एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 35 शीशियों में रखी लगभग 1.7 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई।
    पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इन लगातार अभियानों को समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Comment