मातृ एवं शिशु सुरक्षा के लिए महावीर इंटरनेशनल की पहल, सिविल अस्पताल में बेबी किट और सैनिटरी पैड का वितरण

मातृ एवं शिशु सुरक्षा के लिए महावीर इंटरनेशनल की पहल, सिविल अस्पताल में बेबी किट और सैनिटरी पैड का वितरण
प्रीतम दास हाइलाकांदी, 4 जून :
सामाजिक सेवा गतिविधियों की निरंतरता को बनाए रखते हुए महावीर इंटरनेशनल हाइलाकांदी केंद्र ने बुधवार को एक विशेष मानवीय कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर हाइलाकांदी स्थित संतोष कुमार राय सिविल अस्पताल के मातृ एवं शिशु विभाग में भर्ती मरीजों के बीच निःशुल्क बेबी किट और सैनिटरी पैड वितरित किए गए।संस्था के विशेष ‘मातृत्व प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण तथा उनके समग्र कल्याण को सुनिश्चित करना था। संस्था की ओर से बताया गया कि यह पहल जरूरतमंद माताओं और बच्चों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए की गई है।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में भर्ती २५ मरीजों को संस्था के सदस्यों द्वारा आवश्यक सामग्री सीधे प्रदान की गई। इस अवसर पर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. देवव्रत दत्ता, महावीर इंटरनेशनल हाइलाकांदी केंद्र के अध्यक्ष गौतम घोष, उपाध्यक्ष संजीव देव, क्लब निदेशक अमिताभ शर्मा, संयुक्त सचिव राजेश दास, मृगेन देव, रिलेशनशिप डायरेक्टर राजीव नाग, कोषाध्यक्ष पिंटू दास तथा डोला मालाकार, मिथुलाल चौधरी, देबराज घोष, सौमित्र राय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।अस्पताल के अधीक्षक डॉ. देवव्रत दत्ता ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि नवजात शिशुओं और प्रसूता माताओं के लिए बेबी किट एवं सैनिटरी पैड अत्यंत आवश्यक सामग्री हैं। अस्पताल में प्रतिदिन भर्ती होने वाले मरीजों को इन वस्तुओं की आवश्यकता पड़ती है और महावीर इंटरनेशनल जैसी संस्थाओं की स्वैच्छिक पहल जरूरतमंद मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होती है।
इसी दिन दोपहर में संस्था द्वारा हाइलाकांदी शहर के नेताजी प्वाइंट क्षेत्र में एक अन्य विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान सौ से अधिक गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच निःशुल्क पका हुआ भोजन वितरित किया गया।संस्था की इस सराहनीय एवं मानवीय पहल का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया तथा समाज के वंचित वर्गों के हित में भविष्य में भी ऐसे कल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर जारी रखने की अपील की। संस्था के सदस्यों ने भी कहा कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए वे भविष्य में भी इस प्रकार की जनसेवा गतिविधियों को जारी रखेंगे।

Leave a Comment