सिंगला चाय बागान में नाचघर का भूमि-पूजन, विधायक डॉ. मिलन दास को सौंपे गए दो महत्वपूर्ण ज्ञापन

सिंगला चाय बागान में नाचघर का भूमि-पूजन, विधायक डॉ. मिलन दास को सौंपे गए दो महत्वपूर्ण ज्ञापन

विशेष प्रतिनिधि हाइलाकांदी, 3 जून ।

बराक घाटी विकास विभाग की पहल एवं माननीय मंत्री श्री कौशिक राय के मार्गदर्शन में आयनाखाल ग्राम पंचायत के अंतर्गत सिंगला चाय बागान में नव-निर्मित नाचघर के भूमि-पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हाइलाकांदी के विधायक डॉ. मिलन दास मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर आयोजित जनसभा में विधायक डॉ. मिलन दास ने उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों एवं क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार द्वारा चाय बागान क्षेत्रों के विकास एवं जनकल्याण के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। इसके उपरांत आयनाखाल नाचघर में स्थानीय निवासियों के साथ एक सौहार्दपूर्ण विचार-विमर्श बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के समग्र विकास, शिक्षा, रोजगार तथा बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता राजू केवट ने चाय बागान समुदाय की ओर से विधायक डॉ. मिलन दास को दो महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे। पहले ज्ञापन में चाय बागान समुदाय के शिक्षित युवक-युवतियों के लिए आरक्षण कोटा बढ़ाने तथा इस विषय को असम विधानसभा में उठाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि चाय बागान समुदाय के शिक्षित युवाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं, इसलिए उनके लिए आरक्षण व्यवस्था को और सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता है।

दूसरे ज्ञापन में सिंगला चाय बागान एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी गैस एजेंसी स्थापित करने की मांग उठाई गई। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वर्तमान में गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए लोगों को लाला अथवा हाइलाकांदी जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त हानि होती है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थापना का हवाला देते हुए नई गैस एजेंसी खोलने के लिए आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया।

ज्ञापन सौंपने वालों ने विधायक से दोनों मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने तथा शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया। विधायक डॉ. मिलन दास ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें उचित स्तर पर उठाने और समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर स्थानीय समाजसेवी राजकुमार भर, किरण तेली, अभिषेक पांडेय, सत्यनारायण तेली दिलीप सिंह, अनिल थी, मंजू मोदी सहित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चाय बागान श्रमिक, स्थानीय निवासी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Comment