दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मिले मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा, खेल, स्वास्थ्य, ऊर्जा और विकास योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
नई दिल्ली/गुवाहाटी, 1 जून: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों तथा भारत के उपराष्ट्रपति से मुलाकात कर राज्य के समग्र विकास, खेल अवसंरचना, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, ऊर्जा आत्मनिर्भरता, शहरीकरण और हाइड्रोकार्बन क्षेत्र के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। लगभग एक घंटे तक चली बैठक में असम में खेल अवसंरचना को और सुदृढ़ बनाने तथा श्रमिकों के लिए बेहतर कल्याणकारी वातावरण तैयार करने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने मांडविया को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए असम को देश का प्रमुख खेल केंद्र बनाने के लिए केंद्र सरकार से निरंतर सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार, युवा प्रतिभाओं के विकास और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भी मुलाकात की। बैठक में असम के हाइड्रोकार्बन क्षेत्र को और सशक्त बनाने, तेल एवं गैस की खोज गतिविधियों को बढ़ाने तथा मौजूदा उत्पादन क्षमता में वृद्धि के उपायों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि असम की ऊर्जा संपदा भारत की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है और राज्य देश की आर्थिक प्रगति में और अधिक योगदान देने के लिए तैयार है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें असम के विकास की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने ‘विकसित असम’ के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में उपराष्ट्रपति से मार्गदर्शन और सहयोग का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उपराष्ट्रपति का अनुभव और मार्गदर्शन राज्य के विकास अभियान के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भी मुलाकात की। इस दौरान राज्य में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने, प्रोटॉन बीम थेरेपी जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विकास तथा असम को मेडिकल टूरिज्म का प्रमुख केंद्र बनाने की योजनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक विस्तार कार्यक्रम चला रही है, जिससे पूर्वोत्तर क्षेत्र में उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
वहीं केंद्रीय ऊर्जा तथा आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ हुई बैठक में असम को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और शहरीकरण की प्रक्रिया को गति देने के लिए विस्तृत रोडमैप पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने ऊर्जा क्षेत्र और शहरी विकास परियोजनाओं के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। बैठक में दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि केंद्र सरकार के साथ बेहतर समन्वय और सहयोग से असम खेल, स्वास्थ्य, ऊर्जा, उद्योग तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और ‘विकसित असम’ के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
बैठक के दौरान विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा भी उपस्थित थे।