युवा दर्पण के 13वें स्थापना दिवस पर गुवाहाटी में भव्य समारोह

युवा दर्पण के 13वें स्थापना दिवस पर गुवाहाटी में भव्य समारोह
शिलचर के वरिष्ठ पत्रकारों सहित 50 विशिष्ट हस्तियों को मिला “युवा दर्पण एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026”

गुवाहाटी, 1 जून। साप्ताहिक समाचार पत्र एवं डिजिटल मीडिया मंच “युवा दर्पण” के 13वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रविवार सायं गुवाहाटी स्थित लायंस आई हॉस्पिटल ऑडिटोरियम में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 50 विशिष्ट व्यक्तियों को “युवा दर्पण एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026” से सम्मानित किया गया।

नेताजी छात्र युवा संस्था तथा रोटरी क्लब ऑफ ग्रेटर शिलचर के सहयोग से आयोजित इस समारोह में गुवाहाटी सेंट्रल के विधायक विजय कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

विशिष्ट अतिथियों में एनआरडीएफआई के सेवानिवृत्त डीजीएम एवं रोटरी क्लब ऑफ गुवाहाटी के अध्यक्ष इंजीनियर मनोज कुमार दास, डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (ऑपरेशन) एपीएस कुलेंद्र नाथ डेका, रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3240 के डिस्ट्रिक्ट अवार्ड एवं रिकग्निशन चेयरपर्सन रुद्रजीत कुमार लस्कर, जर्नलिस्ट एसोसिएशन फॉर असम (जाफा) के अध्यक्ष अभिदीप चौधुरी, दिसपुर प्रेस क्लब के सचिव कुंजा मोहन राय तथा युवा दर्पण के प्रधान संपादक सुबीर दत्ता शामिल थे।

इस अवसर पर पूर्वोत्तर भारत के पांच राज्यों—असम, मेघालय, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड—के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कुल 50 प्रतिभाशाली एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों को “युवा दर्पण एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026” प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मानित व्यक्तियों में शिलचर के वरिष्ठ पत्रकार चयन भट्टाचार्य, अभिजीत भट्टाचार्य, मंजूर अहमद बड़भुइयां तथा राजू दे का नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। इनके अतिरिक्त शिक्षा, पत्रकारिता, समाजसेवा, संस्कृति, साहित्य और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनेक व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। अतिथियों ने अपने संबोधन में समाज निर्माण, निष्पक्ष पत्रकारिता तथा युवा शक्ति की सकारात्मक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई दी।

सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी, सांस्कृतिक कार्यकर्ता, साहित्यकार तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रेरणादायी वक्तव्यों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह के समन्वय ने पूरे आयोजन को यादगार एवं सफल बना दिया।

Leave a Comment