ऐतिहासिक जीत पर भाजपा बड़खोला मंडल ने किशोर नाथ का किया भव्य सम्मान
चंद्रशेखर ग्वाला बड़खोला, 1 जून: भारतीय जनता पार्टी बड़खोला मंडल की ओर से हाल ही में संपन्न चुनाव में ऐतिहासिक और प्रचंड जीत दर्ज करने वाले नेता किशोर नाथ को बड़खोला मल्टीपरपज़ हॉल में एक भव्य एवं आत्मीय सम्मान समारोह के माध्यम से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं स्थानीय लोगों की उपस्थिति से उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
मंडल अध्यक्ष पिनाक कांति दास की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मान समारोह में किशोर नाथ ने उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं और समर्थकों का प्रेम, स्नेह तथा आशीर्वाद उन्हें जनसेवा के कार्यों में और अधिक जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि उन्हें जो सम्मान और शुभकामनाएं प्राप्त हुई हैं, उसके लिए वे बड़खोला मंडल के प्रत्येक कार्यकर्ता, समर्थक और शुभचिंतक के प्रति हृदय से कृतज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि यह विजय किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि बड़खोला क्षेत्र की प्रत्येक माता-बहन, युवा, किसान, श्रमिक तथा समाज के सभी वर्गों के लोगों की जीत है।
किशोर नाथ ने विश्वास दिलाया कि जनता द्वारा व्यक्त किए गए भरोसे और समर्थन का सम्मान करते हुए वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, शांति और समृद्धि के लिए भविष्य में भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और आम जनता में विशेष उत्साह एवं उल्लास देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने किशोर नाथ का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व में क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की आशा व्यक्त की।