विश्व हिन्दू परिषद धर्म प्रसार विभाग के दो दिवसीय अभ्यास वर्ग का शुभारंभ

विश्व हिन्दू परिषद धर्म प्रसार विभाग के दो दिवसीय अभ्यास वर्ग का शुभारंभ
शिलचर, 30 मई। विश्व हिन्दू परिषद (धर्म प्रसार विभाग) द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग का शुभारंभ शनिवार को भारत सेवाश्रम संघ परिसर में श्रद्धा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। यह प्रशिक्षण वर्ग 30 एवं 31 मई 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन भारत सेवाश्रम संघ के पूजनीय संत स्वामी अचलानंद जी के करकमलों द्वारा किया गया। उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. दिनेश तिवारी उपस्थित रहे। उन्होंने धर्म प्रसार कार्य की वर्तमान चुनौतियों, संगठन की भूमिका तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक जागरण के संदेश को पहुंचाने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वर्ग के प्रांत सभापति सचिन कलई सहित त्रिपुरा राज्य के अनेक संत-महात्माओं एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।
आयोजकों के अनुसार यह अभ्यास वर्ग चयनित जिलों एवं प्रखंडों के प्रमुख कार्यकर्ताओं के लिए विशेष रूप से आयोजित किया गया है। वर्ग में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं को धर्म प्रसार, संगठन विस्तार, सेवा कार्य, सामाजिक समरसता तथा हिंदू समाज के जागरण से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
दो दिवसीय इस प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के वैचारिक, संगठनात्मक एवं कार्यकुशलता संबंधी विकास के माध्यम से समाज जीवन में सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका को सुदृढ़ करना है। उद्घाटन सत्र में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, संतों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

Leave a Comment