संस्कार केन्द्र संचालिकाओं का अभ्यास वर्ग संपन्न, संगठन सशक्तिकरण पर दिया गया बल

अगरतला, 30 मई।
विश्व हिन्दू परिषद, त्रिपुरा प्रांत के मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी विभाग द्वारा संस्कार केन्द्र संचालित करने वाली बहनों के लिए आयोजित अभ्यास वर्ग सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वर्ग का उद्देश्य संस्कार केन्द्रों के माध्यम से समाज में सांस्कृतिक, नैतिक एवं राष्ट्रभावना से युक्त मूल्यों के प्रसार हेतु कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान करना था।
अभ्यास वर्ग में मुख्य वक्ता के रूप में विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री डॉ. दिनेश तिवारी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने मार्गदर्शन में कहा कि संस्कार केन्द्र समाज निर्माण की महत्वपूर्ण इकाई हैं, जहां बालक-बालिकाओं एवं युवाओं में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित किए जाते हैं। उन्होंने मातृशक्ति की भूमिका को समाज एवं राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए कार्यकर्ताओं से अधिक सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वर्ग के प्रांत सभापति श्री सचिन कलई ने की। इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद त्रिपुरा प्रांत के प्रांत सम्पादक श्री शंकर राय, प्रांत संगठन मंत्री श्री शशिकांत पांडे, मातृशक्ति प्रांत संयोजिका श्रीमती रोमा सूत्रधार, सह-प्रांत संयोजिका श्रीमती मूनमून चौधरी तथा दुर्गावाहिनी प्रांत संयोजिका श्रीमती निर्मला नौवातिया सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अभ्यास वर्ग के दौरान विभिन्न विषयों पर बौद्धिक सत्र, संगठनात्मक चर्चा एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागी बहनों को संस्कार केन्द्र संचालन, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरण तथा संगठन विस्तार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
अंत में आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रशिक्षण से संस्कार केन्द्रों के कार्य को नई गति मिलेगी तथा मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी की कार्यकर्ता समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।