शिलचर वन बंधु परिषद महिला समिति की एकल वन यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न
शिलचर, 30 मई: शिलचर वन बंधु परिषद महिला समिति द्वारा 28 मई 2026 को संच धोलाई के अठारहटिला ग्राम स्थित एकल विद्यालय में एकल वन यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में समिति की सात सदस्याओं सहित दो अतिथियों ने भाग लिया।
यात्रा के दौरान सर्वप्रथम सभी प्रतिभागियों ने आरोग्य अभ्यास वर्ग का अवलोकन किया। यहां उन्हें विभिन्न औषधीय पेड़-पौधों एवं पत्तियों के गुणों तथा उनके माध्यम से सामान्य बीमारियों के उपचार की जानकारी दी गई। सदस्यों ने बताया कि अनेक औषधीय पौधे हमारे घरों और आसपास उपलब्ध हैं, किंतु उनके औषधीय महत्व की जानकारी बहुत कम लोगों को होती है। आरोग्य वर्ग में यह भी बताया गया कि छोटी-मोटी बीमारियों का घरेलू स्तर पर किस प्रकार उपचार किया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सेविकाओं द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता और उपचार संबंधी जानकारी पहुंचाने का कार्य अत्यंत सराहनीय है। ग्रामवासियों का सेविकाओं को पूर्ण सहयोग मिलना भी सभी के लिए प्रेरणादायक रहा।
इसके पश्चात समिति की सदस्याएं एकल विद्यालय पहुंचीं, जहां बच्चों ने अपने हाथों से बनाए गए पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। विद्यालय में वर्तमान में 20 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। समिति के सदस्यों ने विद्यालय के उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण कर बच्चों के नामों का सत्यापन किया, जो सही पाया गया।
बच्चों के शैक्षणिक स्तर का आकलन करने के लिए उनसे बंगला वर्णमाला लिखवाई गई। अधिकांश बच्चों ने संतोषजनक एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती नीरू शर्मा ने अपने जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सभी विद्यार्थियों, ग्राम प्रमुख तथा आचार्यों के बीच रस्क-बिस्कुट एवं छतरियों का वितरण किया।
समिति की ओर से बताया गया कि ग्रामीण शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सहभागिता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित यह एकल वन यात्रा सभी के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम ने शिक्षा एवं सेवा के क्षेत्र में एकल अभियान के सकारात्मक प्रयासों को निकट से समझने का अवसर प्रदान किया।